गाजीपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रॉस्पेक्टस के अनुसार अभ्यर्थी बी.पी.ई.एस., बी.एससी. योग, एम.एससी. योग, पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन तथा स्पोर्ट्स कोचिंग (एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, इक्वेस्ट्रियन, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती एवं योग) सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं तथा खिलाड़ी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों से इन विशेष पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर खेल के क्षेत्र में अपना उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया।