गाजीपुर। जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक 45 दिवसीय विशेष निःशुल्क टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के लाखों गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 2,66,143 गोवंशीय तथा 3,85,861 भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार माह से कम आयु तथा आठ माह से अधिक गर्भित पशुओं को इस अभियान में शामिल नहीं किया जाएगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 48 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। प्रत्येक विकासखंड में अभियान की निगरानी के लिए प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं। पशुपालक किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अपने निकटतम पशु चिकित्सालय से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. आनंद प्रकाश यादव को बनाया गया है। पशुपालकों की सुविधा के लिए सदर पशु चिकित्सालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है। इसके संक्रमण से पशुओं को तेज बुखार, मुंह से अत्यधिक लार गिरना, मुंह एवं पैरों में छाले पड़ना, चारा छोड़ देना तथा दुग्ध उत्पादन में कमी जैसी समस्याएं होती हैं। गर्भित पशुओं में गर्भपात की आशंका भी रहती है और समय पर उपचार न मिलने पर पशु की मृत्यु तक हो सकती है। विदेशी नस्ल की गायें इस रोग से अधिक प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि इस रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। टीकाकरण से पूर्व पशुओं के कान में टैग लगाना अनिवार्य होगा। टीकाकरण के बाद संबंधित टीम प्रत्येक पशु का विवरण भारत पशुधन ऐप पर अपलोड करेगी, जिसके आधार पर टीकाकर्मियों को मानदेय का भुगतान किया जाएगा।