जमानियां। क्षेत्र के श्री शिवपूजन इंटर कॉलेज, मलसा में शनिवार को कॉलेज के दिवंगत अंग्रेजी प्रवक्ता आशुतोष मिश्र के असामयिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शोकसभा की शुरुआत दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद ने कहा कि आशुतोष मिश्र का संस्थान के प्रति समर्पण, शैक्षणिक योगदान और विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेहिल व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन कॉलेज परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। पूर्व प्रवक्ता विजय शंकर राय ने अपने संबोधन में कहा कि दिवंगत शिक्षक के साथ बिताए गए पल हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेंगे। वहीं, शोकसभा का संचालन करते हुए पूर्व हिंदी प्रवक्ता सच्चिदानंद दूबे ने भावुक शब्दों में उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सतीश राय, आलोक श्रीवास्तव, अभिषेक राय, राजेश राय, सुमित राय, मनीष राय, शशिकांत राय सहित कॉलेज के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से दिवंगत प्रवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की।