गाजीपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 20 जुलाई को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से आदर्श प्राइवेट आईटीआई, हेतिमपुर (जमानियां) में जिला सेवायोजन कार्यालय एवं आदर्श प्राइवेट आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में विजन इंडिया के सहयोग से देश की प्रतिष्ठित कंपनियां हिंदालको, एमआरएफ टायर्स, सोडेक्सो, सुब्रोस, यूनिपार्ट्स, ग्लोबल ऑटो टेक, ग्लोबल एल्युमिनियम, एवरी डेनिसन तथा स्नाइडर इलेक्ट्रिक सहित अन्य कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 23,999 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। सभी रिक्तियों का विवरण विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार संबंधित कंपनियों में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद 20 जुलाई को प्रातः 10 बजे अपने सभी मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं उनकी छायाप्रतियों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होना होगा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।