जमानियां। बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित पुस्तकालय भवन के निर्माण की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। तहसील परिसर में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुस्तकालय भवन के निर्माण से अधिवक्ताओं, विशेषकर युवा वकीलों को कानूनी अध्ययन, शोध और वादों की तैयारी में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार तथा तहसीलदार राम नारायण वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए पुस्तकालय भवन के निर्माण को तहसील परिसर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया तथा अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से एक सुसज्जित पुस्तकालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पुस्तकालय के निर्माण के बाद कानूनी पुस्तकों, संदर्भ सामग्री तथा डिजिटल संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा, जिससे अधिवक्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वादकारियों को भी लाभ मिलेगा। भूमि पूजन के बाद अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की तथा पुस्तकालय भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अशोक यादव, अरविंद राय, अमरनाथ, नरेंद्र राय, फैसल होदा, मेराज हसन, बृजेश ओझा, उदय नारायण सिंह, बृजेश कुशवाहा, घनश्याम कुशवाहा, संजय यादव, धनंजय कुमार सिंह, अरुण कुमार, मिथिलेश सिंह, आजाद खान, दिग्विजय नाथ तिवारी, राजेश गुप्ता, सुनील कुमार, रवि प्रकाश, शमशाद और अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयप्रकाश ने की, जबकि संचालन सचिव मुनेश सिंह कुशवाहा ने किया।