जमानियां। देश की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद जमानियां क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के दो मेधावी छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सेंट मैरीज़ स्कूल, जमानियां के छात्र सकलेन दानिश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सामान्य श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 6698 तथा ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 718वीं रैंक प्राप्त की है। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सकलेन की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। प्रधानाचार्य, प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनका कहना है कि सकलेन की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। वहीं, क्षेत्र के बरुइन गांव निवासी विशाल आनंद सिंह के पुत्र श्रेयस सिंह ने भी नीट-यूजी परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। श्रेयस की प्रारंभिक शिक्षा कक्षा दो तक सेंट मैरीज़ स्कूल, जमानियां में हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा तीन से बारहवीं तक की पढ़ाई वाराणसी के सनबीम स्कूल से पूरी की। उच्च चिकित्सा शिक्षा के लक्ष्य को लेकर उन्होंने राजस्थान के कोटा में रहकर नीट की तैयारी की और तीसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने इसे जमानियां के लिए गर्व का क्षण बताते हुए दोनों सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।