जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के सोनहरिया गांव में एक महिला ने अपने देवर पर मानसिक उत्पीड़न, छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमानियां कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता नमुना राजभर ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके पति संतलाल राजभर राजस्थान में मजदूरी करते हैं। पति की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर उनका देवर हंसलाल राजभर पिछले लगभग एक वर्ष से उन पर दबाव बनाता है और आए दिन छेड़खानी करता है। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी मारपीट करता है तथा उन्हें घर से निकालने का प्रयास करता है। इससे उनके छोटे-छोटे बच्चे भी भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमानियां कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।