जमानियां। उत्तर प्रदेश पुलिस में खेल कोटे के तहत हुई हालिया भर्ती में जमानियां क्षेत्र के तीरंदाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की है। द्रोणा आर्चरी एकेडमी तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़े खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। चयनित खिलाड़ियों में फुल्ली गांव निवासी वीरेंद्र श्रीवास्तव की पुत्री खुशी श्रीवास्तव शामिल हैं, जो रिकर्व वर्ग की तीरंदाज हैं और वर्तमान में साई केंद्र रायपुर में कोच सतीश दुबे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वहीं, बारुइन निवासी भावना सिंह का भी उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हुआ है। वह वर्तमान में संजीव सिंह आर्चरी अकादमी, देवरिया में अभ्यासरत हैं।
इसके अलावा, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में कार्यरत तथा साई के उत्कृष्ट केंद्र, कोलकाता में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रोहित कुमार (पुत्र मुनेंद्र) का भी उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हुआ है।इस उपलब्धि पर तीरंदाजी कोच सतीश दुबे ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने परिवार, प्रशिक्षकों और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। द्रोणा आर्चरी एकेडमी के सचिव नंदू दुबे ने बताया कि अब तक एकेडमी से जुड़े 13 खिलाड़ियों का विभिन्न सरकारी विभागों में चयन हो चुका है, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। चयनित खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।