गाजीपुर। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर गंगा स्नान कर जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में स्नान, जल भरने, आवागमन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने नगर पालिका को घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही घाट और कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से घाट पर पर्याप्त संख्या में नावों एवं नाविकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। वहीं विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर झूलते विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराने तथा क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए बिजली के खंभों की मरम्मत समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।