गाजीपुर। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए बिरनो टोल प्लाजा पर शनिवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 134 वाहनों का चालान करते हुए करीब 3.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष बिरनो ने किया। अभियान के लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया था। चेकिंग के दौरान प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 11 वाहनों तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) एवं नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चालान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।