गाजीपुर। मरदह थाना पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के दौरान एक कथित गौतस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक ट्रक, 30 गोवंश (17 जीवित एवं 13 मृत), एक .315 बोर का देशी तमंचा तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में गोवंश लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक को लालापुरवा नहर रोड पर छोड़कर फरार हो गया। ट्रक की तलाशी में 30 गोवंश बरामद हुए, जिनमें 17 जीवित और 13 मृत पाए गए। फरार आरोपी की तलाश के दौरान रायपुर-बाघपुर क्षेत्र में पुलिस का सामना उससे हो गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद आलम (30 वर्ष), पुत्र नियाज अहमद, निवासी ग्राम पारा, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम एवं गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पूर्व से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।इस संबंध में थाना मरदह में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट तथा गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।