गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन गोवंशों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन, एक चापड़, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक कौशलेश शर्मा अपनी टीम के साथ कनाल नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन में गोवंशों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक बांधकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मौके से वाहन चालक अरमान (27 वर्ष) पुत्र अलाउद्दीन, निवासी ग्राम जलालाबाद मोड़, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।तलाशी के दौरान वाहन से एक जर्सी गाय एवं दो देशी बछियों सहित कुल तीन गोवंश, टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन, एक लोहे का चापड़, 550 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम तथा आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।