गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति (लखनऊ) के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक समिति गाजीपुर द्वारा मंगलवार को जिला कारागार में निःशुल्क चर्म रोग (त्वचा रोग) परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के सहयोग से किया गया।
शिविर में चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला कारागार के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 533 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 58 बंदी त्वचा रोग से पीड़ित पाए गए, जिन्हें चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। समय पर जांच और उपचार मिलने से बंदियों एवं जेल प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. शिशिर शैलेश तथा फार्मासिस्ट विकास यादव और अदीप कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम में जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा एवं सुनील सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने समिति के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।