गाजीपुर। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। इस दौरान लोगों को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर संदिग्ध एवं शोहदों पर नजर रखी तथा आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें सुरक्षा का भाव विकसित करना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाना है। अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।