रेवतीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर गरुआ मकसूदपुर गांव के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में 40 वर्षीय निजी चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे गाजीपुर-जमानियां मार्ग पर यातायात घंटों बाधित रहा।
मृतक की पहचान ढढ़नी भानमल राय गांव निवासी संजय राम के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, संजय अपने निजी कार्य से बाइक से गाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घर पर सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इसके चलते गाजीपुर-जमानियां मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। मृतक संजय राम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह ढढ़नी गांव में निजी क्लीनिक संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी उर्मिला, पुत्र आदर्श, वृद्ध पिता परसिद्धन तथा अन्य परिजन हैं।मृतक के छोटे भाई अक्षय उर्फ मिंटू ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे नाले के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों और सड़क पर फैली मिट्टी के कारण मार्ग संकरा हो गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम निधि, क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार रामनारायण वर्मा तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन डंपर चालक की गिरफ्तारी, ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग पर अड़े रहे।प्रभारी थानाध्यक्ष सूर्यकांत यादव ने बताया कि फरार डंपर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों एवं ग्रामीणों से वार्ता कर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।