जमानियां, गाजीपुर। तहसील क्षेत्र के बरुईन गांव निवासी प्रतिभाशाली क्रिकेटर रघुराज प्रताप सिंह का चयन प्रतिष्ठित यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र के लिए हुआ है। आगामी 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुरू होने वाली इस लीग में वह गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते नजर आएंगे। टीम की कप्तानी भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल करेंगे।
बाएं हाथ के बल्लेबाज रघुराज प्रताप सिंह का चयन दिल्ली में आयोजित ट्रायल्स के माध्यम से हुआ। गोरखपुर लायंस फ्रेंचाइजी ने उन्हें ₹2.50 लाख की बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश अंडर-23 टीम में स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में भी चयनित हो चुके हैं। रघुराज की प्रारंभिक शिक्षा झांसी में हुई। उनके पिता रजनीकांत सिंह झांसी की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनके बाबा उमाकांत सिंह सेवानिवृत्त खेल शिक्षक हैं। परिवार के खेल और अनुशासन से जुड़े वातावरण ने रघुराज की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बरुईन गांव के इस होनहार खिलाड़ी के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजनों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की है। उल्लेखनीय है कि यूपी टी-20 लीग का फाइनल मुकाबला कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।