गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत जनपद में दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0 का आयोजन 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। जिला समन्वयक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद एवं जनपद से बाहर संचालित औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष योग्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को सेवायोजित कराया जाएगा। इसके लिए एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जो दिव्यांगजन रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ना चाहते हैं, वे उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन कार्यालय, विकास भवन, गाजीपुर में संपर्क कर सकते हैं। यहां उन्हें सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार दिलाने की भी व्यवस्था की जाएगी।