गाजीपुर। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा सुदृढ़ कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने रविवार को नगर के प्रमुख गंगा घाटों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के ददरी घाट, चितनाथ घाट सहित अन्य प्रमुख गंगा घाटों का भ्रमण कर कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद शहर में भ्रमण कर डायवर्जन प्वाइंट, बैरियर तथा यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन तथा कांवरियों के आवागमन मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं प्रभावी रहें, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में जलाभिषेक कर सकें।अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्गों और प्रमुख स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित पुलिस बल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।