गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम छात्रवृत्ति (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11-12) योजना के ऑनलाइन आवेदन एवं वितरण की समय-सारिणी शासन द्वारा जारी कर दी गई है। इसके तहत जनपद के सभी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को निर्धारित अवधि में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि जारी समय-सारिणी के अनुसार मान्यता प्राप्त विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटाबेस में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन, जिला विद्यालय निरीक्षक के समक्ष आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करना, नवीन संस्थाओं द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी से पासवर्ड प्राप्त करना तथा विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा अपडेट करने सहित सभी आवश्यक कार्यवाही 22 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक पूरी की जानी है।उन्होंने जनपद के सभी पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप छात्रवृत्ति से संबंधित समस्त कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की अपील की है, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।