जमानियां। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल एवं “छोटे लोहिया” के नाम से विख्यात पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती बुधवार को समाजवादी पार्टी विधानसभा कार्यालय पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित मासिक बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव ने की। उन्होंने जनेश्वर मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी मूल्यों, सामाजिक न्याय और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए राजेन्द्र बनवासी ने कहा कि जनेश्वर मिश्र की सादगी, संघर्ष और समाजवादी सोच नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और समानता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2026 के वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में आशुतोष सिन्हा को पुनः विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनाने के समर्थन पर विचार-विमर्श किया। साथ ही आगामी 10 अगस्त को पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाने का निर्णय लिया गया तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश यादव, श्रीराम यादव, तौकीर खां, प्रमोद यादव, विजय यादव, रजनीकांत यादव, सद्दाम खां, अनिल पांडे, सरोज, गोलू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रिशु यादव ने किया।