जमानियां। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरईन तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी बरईन में 10 कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया। वहीं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरईन का संयुक्त निरीक्षण प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रुद्रकांत सिंह एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम ने किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के 10 स्वास्थ्य कर्मी एवं कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों में तीन दिनों से गैरहाजिर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम यादव एवं स्टाफ नर्स जीनीयस सीजन, चार दिनों से अनुपस्थित वार्ड बॉय अभिषेक तिवारी और चपरासी अंकित सिंह, दो दिनों से अनुपस्थित डार्क रूम असिस्टेंट रजनीश पांडे, डेंटल हाइजीनिस्ट दीपक चौहान, वार्ड आया सरिता पांडे तथा लैब टेक्नीशियन अभिषेक मौर्य शामिल रहे। इसके अलावा सपोर्ट स्टाफ अब्दुल्ला खान एवं स्वीपर सुरेश रावत भी एक दिन से अनुपस्थित पाए गए।
स्वास्थ्य कर्मियों की अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही अग्रिम आदेश तक सभी अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, बरईन का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी रेखा अपने कर्तव्य पर उपस्थित मिलीं। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध दवाओं, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गई। डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।