गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भुड़कुड़ा पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्ष 2025 से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को उपनिरीक्षक रणजीत कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मसीपुर बॉर्डर पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना भुड़कुड़ा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 172/2025 धारा 3(2), 317(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त सुमित कुमार उर्फ पिंटू पुत्र हृदयाराम, निवासी ग्राम सहाबपुर, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त चोरी के मुकदमे में वर्ष 2025 से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, दहेज उत्पीड़न, महिला से संबंधित अपराध तथा आर्म्स एक्ट के मुकदमे शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रणजीत कुमार सिंह एवं थाना भुड़कुड़ा पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।