गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश यातायात एवं सड़क सुरक्षा मुख्यालय से प्राप्त दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन (रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल) अब जनपद गाजीपुर में सक्रिय हो गए हैं। इनके माध्यम से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 651 वाहनों का चालान किया और 5,15,075 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में जनपदभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का पालन कराने के साथ-साथ आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। अभियान के दौरान कुल 4,682 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 651 वाहनों के चालान किए गए। इनमें हेल्मेट न पहनने पर 409, ओवरस्पीडिंग पर 5, रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 20, वायु प्रदूषण संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 3 तथा प्रेशर हॉर्न के प्रयोग पर 3 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर एक वाहन को सीज भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, ओवरस्पीडिंग पर अंकुश लगाने तथा जनहानि रोकने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की गई।