जमानियां। कोतवाली पुलिस एवं सीसीटीएनएस टीम ने सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम हुए आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 1.95 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार को पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द कर दिए।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी जमानियां के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम को यह सफलता मिली। मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने लगातार प्रयास किया और तकनीकी माध्यमों से सभी आठ मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद कर लिया।बरामद मोबाइल पाने वालों में कसेरा पोखरा निवासी आकाश कुमार, लोदीपुर निवासी मनीष कुमार शर्मा, जीवपुर निवासी जितेन्द्र चौधरी, राघोपुर निवासी राधेश्याम यादव, सरस्वती शिशु मंदिर के पास रहने वाले प्रभाकर पाठक, चौधरी मोहल्ला निवासी मो. इमरान, ढढ़नी रनबीर राय निवासी विवेक कुमार गुप्ता तथा हेतिमपुर निवासी राजू शामिल हैं।मोबाइल वापस मिलने पर सभी धारकों ने खुशी जताते हुए जमानियां पुलिस की सराहना की। इस बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर, मुख्य आरक्षी विमलेश पटेल, आरक्षी धीरज गुप्ता, आरक्षी अनूप राय एवं आरक्षी मुकुल मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।