जमानिया। भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और उससे जुड़े आरोपों को निराधार एवं भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि एक सफाईकर्मी की समस्या को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से हुई बातचीत के चुनिंदा अंशों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
विष्णु प्रताप सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के संदर्भ में अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल के आरोपों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के प्रति उन्होंने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है और पूरे मामले में उनका नाम घसीटना पूरी तरह मनगढ़ंत है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि के तौर पर वह एक पीड़ित सफाईकर्मी की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी से बातचीत कर रहे थे। उनका आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी उचित व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बातचीत के कुछ हिस्सों को संदर्भ से अलग कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। भाजपा जिला महामंत्री ने आरोप लगाया कि विरोधियों द्वारा पार्टी और उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह जनता के सामने पूरे मामले की वास्तविकता रखने के लिए हर स्तर पर तैयार हैं।