गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 13 एवं 14 अगस्त को दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत मिठाई एवं नमकीन कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पैकेजिंग को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से छोटे दुकानदारों, हलवाइयों, खाद्य कारोबारियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को जागरूक करते हुए बताया गया कि मिठाई एवं नमकीन को तत्काल गर्म अवस्था में पैक करने से हानिकारक जीवाणुओं की वृद्धि की संभावना बढ़ सकती है, जिससे फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए खाद्य पदार्थों को पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही पैक किया जाए। विभाग ने खाद्य पदार्थों को अखबारी या प्रिंटेड कागज में रखकर पैक नहीं करने की भी हिदायत दी है। इसके साथ ही दुकानदारों को हाईजीन एवं सैनिटेशन का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की आवक से संबंधित विवरण निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं आमजन को वितरित किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इनमें बूंदी के लड्डू, जलेबी, बूंदी, बताशे, समोसे, पकौड़े तथा अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थ शामिल हैं। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का पालन करने और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है।