गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत बुधवार को जनपद में व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास लगातार जारी है।