भांवरकोल। थाना भांवरकोल पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन पर लदे तीन गोवंशों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन रस्सियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक दयाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ सोनाड़ी मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अवथही पुलिया के पास ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज के निकट एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन पर तीन गोवंश लदे मिले। पुलिस ने मौके से अजय कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी जालूपुर रमना, थाना चौबेपुर, वाराणसी तथा अंकित कुमार गौतम पुत्र जयप्रकाश गौतम निवासी बरमदेवा, थाना मड़ियाहूं, जौनपुर को गिरफ्तार किया। अंकित कुमार के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या UP64AT9499, तीन गोवंश, तमंचा, कारतूस और तीन रस्सियां कब्जे में ले लीं। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 171/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।