गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित राष्ट्रीय ध्वज जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद को भेंट किए गए। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विभागों एवं विकासखंडों में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का जन-अभियान है।
जिलाधिकारी ने एनआरएलएम से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप ध्वजारोहण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं गांव-गांव तक शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी अभियानों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में उनकी सक्रिय भागीदारी से राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा, जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं एनआरएलएम प्रतिनिधियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। आमजन से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश की एकता और अखंडता का संदेश देने की अपील की गई।