जमानियां। स्थानीय रेलवे स्टेशन के वायरलेस टॉवर के समीप शनिवार दोपहर करीब दो बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर एक युवती रेलवे स्टेशन के वायरलेस टॉवर के पास मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए रेल लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान अप लाइन पर आ रही ट्रेन संख्या 12391 राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे ऑन-ड्यूटी आरपीएफ कर्मियों ने वायरलेस टॉवर के पास एक बैग बरामद किया। बैग की तलाशी में मोबाइल फोन, कॉपी-किताबें तथा हिंदू पीजी कॉलेज, जमानियां का बीए प्रथम वर्ष का पहचान पत्र मिला। पहचान पत्र के आधार पर मृतका की पहचान नेहा कुमारी पाल (19) पुत्री हरिवंश पाल, निवासी ग्राम तियरी, जमानियां के रूप में हुई। पहचान पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जीआरपी दिलदारनगर के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के संबंध में आवश्यक जांच एवं विधिक कार्रवाई जारी है।