जमानियां। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कर्तव्यनिष्ठ एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।आयोजित सम्मान समारोह में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ मरीजों एवं आमजन की सेवा करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सम्मानित सहयोगियों का उत्साहवर्धन किया तथा एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।