जमानियां। स्थानीय रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार की देर रात बाइक से बोल बम जा रहे कांवड़ियों की जल्दबाजी भारी पड़ गई। क्रॉसिंग पार करते समय बाइक की टक्कर से डाउन लाइन का बूम टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई ट्रेन क्रॉसिंग से नहीं गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

गेटमैन संजय यादव ने बताया कि घटना बीती रात की है। उस समय गेटमैन रंजीत कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। रात में बाइक सवार कांवड़िये बोल बम जाने के दौरान रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डाउन लाइन के बूम से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बूम टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। रेल यातायात की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई। डाउन लाइन पर क्षतिग्रस्त बूम के स्थान पर स्लाइडर बूम की व्यवस्था कर रात से ही ट्रेनों को सावधानीपूर्वक पास कराया जा रहा है। इसके चलते रेल परिचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। घटना की सूचना रेलवे के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। सोमवार की दोपहर क्षतिग्रस्त बूम की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। रेलवे कर्मचारियों द्वारा क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक सावधानी बरती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग पर जल्दबाजी और लापरवाही से वाहन निकालने की कोशिश अक्सर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में क्रॉसिंग पार करते समय वाहन चालकों को रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करना चाहिए।
