जमानिया। तहसील प्रशासन ने राजस्व वसूली अभियान के तहत बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार को पचोखर स्थित ओम सांई राम ईंट उद्योग के संचालक से व्यापार कर के बकाये में दो लाख रुपये की वसूली की।
तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि ओम सांई राम ईंट उद्योग पर व्यापार कर मद में कुल 5 लाख 59 हजार 100 रुपये बकाया था। बकाया राजस्व की वसूली के लिए नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। राजस्व टीम में अरुण कुमार सिंह, धनंजय सिंह, श्रीपथ, दीनदयाल शर्मा और राधेश्याम शामिल रहे। टीम बुधवार को देवदही गांव निवासी उद्योग संचालक सुरेंद्र सिंह के आवास पर पहुंची और बकाया धनराशि जमा करने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद सुरेंद्र सिंह ने तहसील पहुंचकर दो लाख रुपये जमा किए। एसडीएम निधि ने बताया कि बकाया धनराशि की शेष वसूली भी शीघ्र कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व जमा नहीं करने वाले अन्य बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।